डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने वंदे मातरम् विवाद पर विपक्ष को लिया आड़े हाथों,कहा – ‘वंदे मातरम् हर भारतीय का गीत’

प्रयागराज : वंदे मातरम् को लेकर उठ रहे विवाद पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया है। प्रयागराज में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् गीत गाकर ही आज़ादी के दीवानों ने फांसी के फंदे को हंसते-हंसते चूमा था। उनका कहना था कि वंदे मातरम् को अनिवार्य करने पर आपत्ति केवल तुष्टीकरण की राजनीति के तहत की जा रही है, जबकि हर भारतीय वंदे मातरम् गीत को गाने के लिए तैयार है।

ब्रजेश पाठक ने नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल होने के सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इससे यूपी की राजनीति में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनका दावा था कि 2027 में बीजेपी प्रचंड बहुमत से यूपी में सरकार बनाएगी, क्योंकि कांग्रेस और सपा ने सिर्फ यूपी की जनता को ठगने का काम किया है। सपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी एक ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ की तरह काम कर रही है और आम जनता से इनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा की सरकारों में गुंडों, माफियाओं और अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब ये लोग या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए हैं।

वहीं, यूपी के दूसरे कार्यकाल के पांचवे और अंतिम बजट पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बजट राज्य के विकास को और भी मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि 2017 से लेकर अब तक यूपी में ऐतिहासिक विकास हुआ है, जिसमें एक्सप्रेस वे, सड़क, रेल नेटवर्क, पानी, बिजली जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। चिकित्सा क्षेत्र में भी यूपी ने बड़ी छलांग लगाई है और अब प्रदेश में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

मनरेगा का नाम बदलकर ‘जी राम जी’ किए जाने पर कांग्रेस के विरोध पर भी डिप्टी सीएम ने हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को दिग्भ्रमित बताया और कहा कि मनरेगा में जहां 100 दिन रोजगार की गारंटी थी, वहीं जी राम जी कानून में 125 दिन की गारंटी दी गई है। यह खेतिहर मजदूरों के लिए एक बेहतर कदम है और कांग्रेस का विरोध पूरी तरह अनुचित है।

प्रयागराज में चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाने को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि एस आर एन अस्पताल में राजधानी के अस्पतालों जैसी सुविधाएं जल्द ही उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पर एक प्रोजेक्ट जल्द ही लाया जाएगा, जिसे लागू किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button