
अहमदाबाद : गुजरात टाइटन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत टीम ने नाथद्वारा के मिराज इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्री-सीज़न कैंप लगाया है, जिसमें कप्तान शुभमन गिल और उनकी पूरी टीम शामिल है। इस कैंप में बल्लेबाज साई सुदर्शन भी हिस्सा ले रहे हैं।
गुजरात टाइटन्स के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर (COO) अरविंदर सिंह ने टीम की ट्रेनिंग शेड्यूल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2026 सीज़न के लिए तैयारियां पूरी तरह से जोर-शोर से चल रही हैं। अरविंदर सिंह के अनुसार, “हमने जनवरी में एक ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया था, और अब दूसरा कैंप 16 फरवरी से शुरू हो रहा है। इस कैंप में 12 से 13 खिलाड़ी शामिल हैं, जो कोचिंग स्टाफ़ के मार्गदर्शन में चार से पांच दिनों तक कड़ी मेहनत करेंगे।”
अरविंदर ने आगे कहा, “हमारा रूटीन पहले से आजमाया हुआ है, और हम IPL 2026 के लिए टीम को पूरी तरह से तैयार करने के लिए इसे फॉलो कर रहे हैं। प्री-सीज़न कैंप IPL के शुरू होने से 12 से 15 दिन पहले, यानी 26 मार्च से शुरू होगा।”2025 सीज़न में, गुजरात टाइटन्स तीसरे स्थान पर रही थी, और इस बार टीम अपने दूसरे IPL टाइटल को जीतने की कोशिश करेगी।









