
इजरायल-ईरान तनाव के बीच भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई में सुरक्षित हैं। उनके पिता पीवी रमणा ने बताया कि भारतीय दूतावास उनकी देखभाल कर रहा है और उन्हें होटल में ठहरने की व्यवस्था कराई गई है।
पीवी रमणा ने ANI से फोन पर बातचीत में कहा कि रविवार तड़के करीब 3 बजे उनकी बेटी से बात हुई। उन्होंने बताया, “मेरी बेटी ने कहा कि भारतीय दूतावास उनकी देखभाल कर रहा है और उन्हें होटल में ठहराया गया है।”
इससे पहले दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मौजूदा हालात पर चिंता जताई थी। उन्होंने लिखा कि दुबई में ऊपर से इंटरसेप्शन की आवाजें सुनना और तेजी से बिगड़ते हालात को देखना भयावह है। कई परेशान करने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं, जो स्थिति की गंभीरता दिखाते हैं।
सिंधु ने कहा कि दुबई हमेशा से उन्हें सुरक्षित और जीवंत शहर लगा है, ऐसे में मौजूदा हालात को समझ पाना मुश्किल है। उन्होंने सभी का आभार जताया जिन्होंने उनका हालचाल पूछा। साथ ही कहा कि वह अपनी टीम के साथ फिलहाल सुरक्षित हैं, हालांकि एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है और कई परिवार फंसे हुए हैं।
उन्होंने लिखा, “मैं अभी सुरक्षित हूं, लेकिन दुबई में अपनी टीम के साथ फंसी हूं। एयरपोर्ट पर काफी भीड़ और अव्यवस्था है। हम सभी जल्द सामान्य हालात की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसे पल याद दिलाते हैं कि सामान्य जीवन कितना नाजुक होता है। सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना करती हूं।”
गौरतलब है कि ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार हालिया इजरायल-अमेरिका हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई है। इसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है तथा खाड़ी देशों में जवाबी हमलों की खबरें भी आई हैं।
मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास दुबई में मौजूद भारतीय नागरिकों की मदद के लिए सक्रिय है।









