
क्रिकेट प्रेमियों के लिए वह पल आ गया है जिसका इंतजार पिछले एक महीने से किया जा रहा था। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज 8 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत 20 टीमों के साथ हुई थी, लेकिन अब खिताब की जंग में सिर्फ दो टीमें बची हैं और आज दोनों टीमें विश्व चैंपियन बनने के लिए मैदान में उतरेंगी।
भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में सिर्फ एक मैच ही गंवाया है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम मिचेल सैंटनर की कप्तानी में इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। कीवी टीम अभी तक टी20 विश्व कप का खिताब नहीं जीत पाई है और वह पहली बार ट्रॉफी अपने नाम करने का सपना देख रही है।
अगर न्यूजीलैंड के अभियान की बात करें तो टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराया। इसके बाद दूसरे मैच में यूएई के खिलाफ बिना कोई विकेट गंवाए 174 रनों का लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के मैदान पर न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर उन्हें झटका दिया।
इसके बाद कीवी टीम ने कनाडा के खिलाफ दमदार वापसी करते हुए आठ विकेट से जीत हासिल की और सुपर-8 चरण में अपनी जगह बना ली। सुपर-8 के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण नहीं हो सका। दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रनों से हराकर मजबूत स्थिति बना ली, लेकिन तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट से मिली हार ने उनकी राह थोड़ी मुश्किल कर दी थी। हालांकि नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गई। सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
दूसरी ओर भारतीय टीम का प्रदर्शन भी पूरे टूर्नामेंट में बेहद प्रभावशाली रहा है। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच में अमेरिका को 29 रनों से हराया। इसके बाद नामीबिया को 93 रनों से मात दी। तीसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। ग्रुप चरण के आखिरी मैच में भारतीय टीम ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराकर सुपर-8 में प्रवेश किया।
सुपर-8 चरण में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से हुआ। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी जोरदार बल्लेबाजी की, लेकिन वे 246 रन ही बना सके और भारत ने सात रनों से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब सबकी नजरें इस महामुकाबले पर टिकी हैं। भारत जहां अपना दबदबा कायम रखते हुए एक और विश्व खिताब जीतना चाहेगा, वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी उठाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।









