
टी20 वर्ल्ड कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतकर भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। इस शानदार जीत के बाद पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने भी टीम इंडिया की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने भारतीय टीम की मजबूत क्रिकेट व्यवस्था, खिलाड़ियों की प्रतिभा और दबाव में खेलने की क्षमता को इस जीत की बड़ी वजह बताया है।
भारत ने 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
जावेद मियांदाद ने दी बधाई
पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद ने भारतीय टीम की जीत की सराहना करते हुए कहा कि जो टीम सेमीफाइनल और फाइनल में 250 से ज्यादा का स्कोर बनाती है, वह चैंपियन बनने की हकदार होती है।
मियांदाद ने कहा कि भारत का क्रिकेट ढांचा बेहद मजबूत है और इसी वजह से वहां लगातार नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक भारतीय टीम के पास बल्लेबाजों, स्पिनरों और तेज गेंदबाजों की भरपूर ताकत है और युवा खिलाड़ी परिणाम हासिल करने की मानसिकता के साथ मैदान पर उतरते हैं।
दबाव में खेलने के आदी हो चुके हैं भारतीय खिलाड़ी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने भी टीम इंडिया की जीत को पूरी तरह जायज बताया। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाड़ी अब बड़े मुकाबलों के दबाव में खेलने के आदी हो चुके हैं।
लतीफ ने कहा कि जब कोई टीम लगातार बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचती है तो खिलाड़ी जीतने की मानसिकता के साथ खेलते हैं। उनके मुताबिक भारतीय टीम की सफलता के पीछे निरंतरता और स्थिरता भी एक बड़ी वजह है, जबकि पाकिस्तान में बार-बार बदलाव और अधीरता से समस्याएं पैदा होती रही हैं।
पाकिस्तान को अपनी गलतियों से सीखने की जरूरत
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज सिकंदर बख्त ने भी भारतीय टीम की सफलता को उदाहरण बताते हुए कहा कि पाकिस्तान को अपनी गलतियों से सीखना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक चयन, कप्तानी और फैसलों में पसंद-नापसंद की संस्कृति खत्म नहीं होगी, तब तक पाकिस्तान की टीम बड़े टूर्नामेंट में संघर्ष करती रहेगी।
भारतीय क्रिकेट संस्कृति की तारीफ
पाकिस्तान के पूर्व मुख्य कोच मोहसिन खान ने भी भारतीय क्रिकेट संस्कृति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड टेस्ट क्रिकेट और लाल गेंद के क्रिकेट पर खास ध्यान देता है, जिससे खिलाड़ियों में अनुशासन और मेहनत की आदत विकसित होती है। मोहसिन खान के मुताबिक भारतीय खिलाड़ियों में असुरक्षा की भावना नहीं दिखती और इसका एक कारण यह भी है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड आर्थिक और पेशेवर स्तर पर खिलाड़ियों का पूरा ध्यान रखता है।









