
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 15 मार्च से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की स्थिति बन रही है। इस बदलाव के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 14 मार्च को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तेज धूप खिली रहेगी और दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है। हालांकि कुछ जिलों में हल्के बादल भी नजर आ सकते हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च से प्रदेश के कई जिलों में मौसम का स्वरूप बदल सकता है। लगभग 25 जिलों में काले बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका व्यक्त की गई है। 16 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों का असर जारी रहने की संभावना है और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान की बात करें तो शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इनमें अयोध्या, बहराइच, बस्ती, बांदा, झांसी, ललितपुर, महोबा, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, महाराजगंज, श्रावस्ती, वाराणसी, मथुरा, मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, अमेठी, बाराबंकी, रायबरेली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और शामली जैसे जिले शामिल हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बादलों के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे दिन और रात के तापमान में संतुलन बनेगा और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।









