गोरखपुर में पूर्व पार्षद प्रतिनिधि की नृशंस हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान चार हमलावरों ने किया चाकू से हमला

Gorakhpur News. गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान की मॉर्निंग वॉक के दौरान चार हमलावरों ने घेरकर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें सीने, सिर और हाथों पर ताबड़तोड़ वार किया, और फिर कुछ देर तक वहां रुके रहे, जब तक उन्हें यह न लग गया कि पूर्व पार्षद की मौत हो चुकी है। इसके बाद वे वहां से फरार हो गए।

मृतक का परिवार और घटनास्थल पर हंगामा

वारदात की जानकारी मिलने के बाद राजकुमार चौहान के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही 200 से अधिक लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और गोरखपुर-सुनोली रोड को जाम कर दिया। इसके बाद 10 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने का प्रयास किया।

प्रॉपर्टी विवाद या कुछ और है मामला?

पुलिस हत्या के कई संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पहला प्रॉपर्टी विवाद है, क्योंकि राजकुमार चौहान प्रॉपर्टी के व्यापार से जुड़े हुए थे और इस तरह के हत्या के तरीके को देखकर ऐसा लगता है कि यह सुपारी किलिंग हो सकती है। और भी हत्या की कई आशंकायें है जिसकी जाँच स्थानीय पुलिस कर रही है।

हमलावरों का तरीका और शक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी की थी और फिर पैदल ही घटनास्थल पर पहुंचे थे। हमले के दौरान राजकुमार चौहान ने करीब 100 मीटर तक भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर फिर से हमला किया और उनकी हत्या कर दी।

मोबाइल डिटेल-दुश्मनी एंगल तलाश रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खाली कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। हत्या के पीछे कारणों को खंगालने के लिए पुलिस परिजनों से भी पुरानी रंजिश या विवाद को लेकर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पूर्व पार्षद की मोबाइल डिटेल भी खंगाली जा रही है, जिससे कोई सुराग मिल सके।

राजकुमार चौहान का परिवार

राजकुमार चौहान बरगदवा इलाके के जंगी चौहान के इकलौते बेटे थे। उनकी 18 साल पहले शादी हुई थी, और उनके दो बेटियां और एक बेटा है। साथ ही उनकी चार बहनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पिछले चार सालों से वह रोज़ मॉर्निंग वॉक पर जाते थे, और आज सुबह जैसे ही वह घर से 500 मीटर दूर पहुंचे थे, बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

पत्नी का शोक और पुलिस की प्रतिक्रिया

वारदात के बाद उनकी पत्नी रोते हुए घटनास्थल पर पहुंची, और शव को देखकर वह बेसुध हो गईं। परिजनों ने उन्हें संभाला और बताया कि पुलिसकर्मी उनसे सिर्फ मुकदमा लिखवाने की बात कर रहे हैं, लेकिन किसी ठोस जानकारी नहीं दी। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों ने उनके पति की चेन लूट ली थी, जिससे लूटपाट की संभावना भी जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button