
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एम्बुलेंस और पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, एम्बुलेंस जयपुर से एक शव लेकर जा रही थी। इसमें पांच लोग सवार थे। इसी दौरान बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एम्बुलेंस की पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस में सवार पांचों लोगों की जान चली गई।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना संबंधित पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई। जयपुर से शव लेकर जा रही एम्बुलेंस के साथ हुए इस हादसे ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।








