
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों पर नाराजगी जताई है जो पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को बीच में छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रुख कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बता दें, यह विवाद तब बढ़ा जब श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका ने PSL छोड़कर IPL में शामिल होने का फैसला किया। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें सैम करन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। इससे पहले शनाका PSL में लाहौर कलंदर्स का हिस्सा थे।
वहीं, शनाका से पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी भी PSL छोड़कर IPL में शामिल हो चुके हैं। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में लिया है।
बता दें, मोहसिन नकवी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब खिलाड़ियों ने PSL के बजाय IPL को प्राथमिकता दी है। पिछले साल भी साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी कोर्बिन बोश ने PSL छोड़कर IPL में हिस्सा लिया था, जिसके बाद PCB ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
वहीं, नकवी ने साफ कहा कि इस साल भी ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित खिलाड़ियों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि PSL की लोकप्रियता पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि इस साल भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लीग में हिस्सा लेने वाले हैं।
इस बीच, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए PSL 2026 को सीमित स्तर पर आयोजित किया जाएगा। लीग के सभी मैच केवल लाहौर और कराची में खेले जाएंगे। सुरक्षा कारणों के चलते इस बार स्टेडियम में दर्शकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नकवी ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और खिलाड़ियों तथा स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात सुधरने के बाद भविष्य में फिर से दर्शकों की वापसी होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि IPL और PSL के बीच खिलाड़ियों को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा आने वाले समय में और तेज हो सकती है।









