
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने फरवरी महीने के ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड की घोषणा कर दी है, जिसमें भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को सम्मानित किया गया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में खास पहचान बनाई है।
बता दें, भारतीय महिला टीम की गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया। तीन मैचों की इस सीरीज में भारत ने 2-1 से जीत हासिल की, जिसमें रेड्डी की भूमिका बेहद अहम रही हैं। उन्होंने पूरी सीरीज में शानदार गेंदबाजी करते हुए 7.25 की इकोनॉमी रेट से कुल 8 विकेट अपने नाम किए।
वहीं, इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अरुंधति रेड्डी ने कहा कि ICC द्वारा सम्मानित होना उनके लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में टीम की जीत में योगदान देना उनके करियर की बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि वहां जीत हासिल करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।
वहीं, पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए यह अवॉर्ड मिला है। उन्होंने टी-20 विश्व कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़े।
बता दें, फरहान ने पूरे टूर्नामेंट में सात मैचों में 383 रन बनाए और एक ही टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जो उनके करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ICC का यह अवॉर्ड उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने महीने के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया हो। इस बार भी दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया कि मेहनत और निरंतरता से सफलता हासिल की जा सकती है।









