कानपुर देहात में 500 रुपये के विवाद में किशोर की हत्या, दोस्त ने चाकू घोंपकर ली जान

कानपुर देहात में शादी समारोह के दौरान 500 रुपये के विवाद में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी किशोर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

कानपुर देहात के सिकन्दरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर एक किशोर की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

बताया जा रहा है कि दोनों किशोर एक ही स्कूल में कक्षा 10 के छात्र थे और एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान 500 रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक किशोर ने गुस्से में आकर दूसरे के पेट में चाकू घोंप दिया।

घटना के बाद घायल किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सरेआम हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी किशोर को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button