
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अब बुलेट ट्रेन की स्पीड से चलने वाली है, जबकि पंचर साइकिल इसका मुकाबला नहीं कर पाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आज यूपी में डबल इंजन की सरकार है, और जब डबल स्पीड से सरकार चलेगी तो पंचर साइकिल हमेशा के लिए धराशायी हो जाएगी।
सीएम योगी बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का बखान करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब यूपी में किसी सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल को पूरा करने के बाद, दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर धमाकेदार विजय हासिल की है।
नौ साल के कामों का बखान
सीएम योगी ने कहा कि पहले गोरखपुर और उत्तर प्रदेश का नाम देश में कोई नहीं जानता था। उन्होंने सवाल उठाया कि कौन लोग थे जिन्होंने पहचान का संकट खड़ा किया और पीढ़ी को विकास से वंचित रखा। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी के लोगों को कभी बिजली नहीं मिलती थी, लेकिन अब यहां भरपूर बिजली मिल रही है। इसी तरह, जहां लोग पहले एम्स के लिए संघर्ष कर रहे थे, आज यूपी में एम्स बन चुका है।
अयोध्या का बदलाव
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या अब दुनिया की सुंदरतम नगरों में से एक बन गई है, जहां भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो गया है। पहले अयोध्या में जाने पर पुलिस की लाठियां और गोलियां मिलती थीं, लेकिन आज अयोध्या का चेहरा बदल चुका है।
सपा सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में अब उपद्रव नहीं बल्कि उत्सव का माहौल है। जिन लोगों ने प्रदेश को तबाह किया, दंगों की आग में झोंका और पहचान को मोहताज कर दिया, उनके पाप से उन्हें मुक्ति न मिले, इसके लिए कोई भी ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे उन्हें मुद्दा बनाने का अवसर मिल सके।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सिर्फ़ जनता के साथ ही नहीं, पूरे प्रदेश के साथ अन्याय किया था। वह शोषण करते थे, गुंडागर्दी करते थे, माफियाओं को संरक्षण देते थे और बहन-बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते थे।









