
खेल डेस्क : गुजरात टाइटन्स (GT) के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने IPL 2026 से पहले अपने दृष्टिकोण पर बात की और कहा कि उनका ध्यान केवल वर्तमान में रहकर टीम की सफलता पर केंद्रित है। सुदर्शन ने बताया कि भविष्य के नतीजों के बारे में सोचने के बजाय वह अपनी पूरी ऊर्जा टीम को जीताने में लगा रहे हैं।
न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में साई सुदर्शन ने कहा, “मैं आगे की बातों के बारे में नहीं सोच रहा। मुझे लगता है कि अभी, वर्तमान में रहना और अपनी टीम को जिताने के लिए अपना बेस्ट देना ही सबसे जरूरी है। मैंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खुद को तैयार करने का सबसे अच्छा मौका लिया है और अब मेरी पूरी ऊर्जा उसी में लगी है।”
सुदर्शन ने IPL 2025 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 15 मैचों में 759 रन बनाए, जिसमें एक सेंचुरी और छह अर्द्धशतक शामिल थे। उनका एवरेज 54.21 और स्ट्राइक रेट 156.17 रहा, जिससे उन्हें ऑरेंज कैप मिली। 2022 में IPL डेब्यू के बाद सुदर्शन ने केवल 40 मैचों में 1793 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 12 अर्द्धशतक शामिल हैं।
सुदर्शन ने GT के हेड कोच आशीष नेहरा की कोचिंग शैली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि नेहरा हर खिलाड़ी की ताकत और कमजोरियों को अच्छी तरह समझते हैं और व्यक्तिगत मार्गदर्शन देते हैं। सुदर्शन ने बताया, “आशु भाई मुझे बताते थे कि मुझे अपनी बैटिंग के लिए क्या सुधार करना है। यही उनकी सबसे बड़ी काबिलियत है।”
GT ने IPL 2022 में अपना डेब्यू किया और पहले ही साल खिताब जीता। अगले साल फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स से हार गई। IPL 2024 में GT दूसरे राउंड के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई, जबकि IPL 2025 का एलिमिनेटर मुंबई इंडियंस से हार गई।
IPL 2026 का सीज़न 28 मार्च से शुरू हो रहा है। पिछली चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का मुकाबला सनराइज़र्स हैदराबाद से होगा। GT अपना पहला मुकाबला 31 मार्च को मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेलेगी।









