मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर साल की तरह इस साल भी होली मनाने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र गोरखपुर सदर पहुंचे। यहां पाण्डेय हाता में होलिका दहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित होलिका दहन शोभा-यात्रा के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की प्रक्रिया के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमें उत्तर प्रदेश को देश की नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाने के साथ ही देश का अग्रणी राज्य बनाना है।
इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा यूपी को देश की नंबर वन अर्थव्यवस्था के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नदाता की खुशहाली, युवाओं के रोजगार, महिलाओं व व्यापारियों की सुरक्षा, प्रति व्यक्ति आय आदि के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। होली के पर्व की प्रासंगिकता भी यही होगी कि हम सभी इस स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में अपना योगदान देने के लिए संकल्पित हों। होली सामूहिकता के भाव की प्रेरणा देने का पर्व है।
उन्होंने आगे कहा कि हर युग में भगवान का अवतरण हुआ है। होलिका दहन का पर्व भगवान नरसिंह के अवतरण की कथा को बताता है। प्रभु के अवतरण की कथाएं हमें सदमार्ग पर ले चलती हैं। यह शिक्षा देती हैं कि अन्यायी, अत्याचारी, दुराचारी कितना भी बड़ा हो, उसके आगे झुकने की आवश्यकता नहीं है। जैसे हिरण्यकश्यप का अंत हुआ वैसे ही सभी अत्याचारियों का अंत होता है।
उन्होंने कहा कि हमें हमेशा उमंग के साथ लोक कल्याण की भावना का हिस्सा बनकर आगे बढ़ना है। किसी भी अच्छे कार्य में छोटे से छोटा योगदान देने के लिए किसी भी मौके से चूकिए मत और यदि कोई कार्य बुरा है तो उसमें आगे मत आइए। सदैव अच्छे मार्ग का अनुसरण करिए। होलिका दहन और होलिकोत्सव का यही संदेश है।
बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में गोरखपुर जनपद की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत हांसिल हुई है। इस बात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता का धन्यवाद और अभिनन्दन किया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की झोली में मंडल की 28 में से 27 सीटें आई हैं और इस चुनाव में गोरखपुर की जनता ने इतिहास रच दिया।