
जून में भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, लेकिन इस टेस्ट से पहले अफगानिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान पीठ की सर्जरी के बाद डॉक्टरों की सलाह पर इस टेस्ट में खेलने से दूर रह सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि जून में मुल्लांपुर में भारत के खिलाफ होने वाले मैच में वे शायद हिस्सा नहीं लेंगे।
बता दें, राशिद खान की नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर है। 2023 के वनडे विश्व कप के बाद उनकी पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें क्रिकेट खेलने से फिलहाल रोक दिया है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 54 ओवर गेंदबाजी कर 11 विकेट लिए थे।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल मैच के बाद राशिद ने कहा, “लाल गेंद से खेलना थोड़ा कठिन है, क्योंकि डॉक्टर ने मुझसे कहा था कि मुझे लाल गेंद से दूर रहना चाहिए। फिर भी मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला।” उन्होंने आगे बताया कि डॉक्टर ने कहा, “अगर आप क्रिकेट नहीं खेलना चाहते, तो लाल गेंद वाले फॉर्मेट से दूरी बनाए रखें।”
2017 में अफगानिस्तान को टेस्ट का दर्जा मिलने के बाद से राशिद ने 12 मैच खेले हैं, जिनमें से केवल छह में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, “मैं वनडे पसंद करता हूं और अफगानिस्तान के लिए लंबे समय तक वनडे खेलना चाहता हूं। लेकिन मुझे अपनी फिटनेस और खेल भार का ध्यान रखना होगा।”
आईपीएल के बाद भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में खेलने को लेकर पूछे जाने पर राशिद ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, “अगर मेरी पीठ में कुछ हो जाता है, तो मैं 100 टेस्ट मैच नहीं खेल सकता। साल में एक टेस्ट मैच खेलने से मैं लंबे समय तक नहीं खेल पाऊंगा। इसलिए टेस्ट क्रिकेट में कोई व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं है।”
राशिद खान का यह फैसला अफगानिस्तान के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि वे टीम के प्रमुख ऑलराउंडर हैं और उनकी गैरमौजूदगी टीम की रणनीति पर असर डाल सकती है।









