
खेल डेस्क : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मिली 6 विकेट की हार के बाद स्वीकार किया कि मैच में सबसे बड़ा फर्क पावरप्ले की बल्लेबाजी ने पैदा किया, खासकर वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक पारी ने।
गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में RR ने 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार बल्लेबाजी की। वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में 78 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने नाबाद 81 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने RCB के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया, जिससे RR ने सिर्फ 6 ओवर में 97/1 का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।
मैच के बाद पाटीदार ने कहा कि RR की बल्लेबाजी, खासकर पावरप्ले में वैभव सूर्यवंशी का इम्पैक्ट, मुकाबले का टर्निंग पॉइंट रहा। उन्होंने माना कि टीम को इस हार से सीखने की जरूरत है, हालांकि शुरुआती विकेट और 201/8 का स्कोर एक पॉजिटिव संकेत भी है।
RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद 20 ओवर में 201/8 रन बनाए थे। कप्तान पाटीदार ने 63 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला, जबकि वेंकटेश अय्यर ने तेज 29 रन बनाए।
हालांकि, RR ने शानदार रनचेज करते हुए 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की, जबकि RCB को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा।









