
तेहरान/वाशिंगटन: मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में एक बार फिर युद्ध जैसे तनावपूर्ण हालात बन गए हैं। ईरान के रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बंदर अब्बास पोर्ट के पास हुए अमेरिकी हवाई हमलों से बौखलाए ईरान ने अब अमेरिका पर बड़ा पलटवार किया है। ईरान की ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) ने दावा किया है कि उसने क्षेत्र में स्थित एक अमेरिकी सैन्य एयरबेस को निशाना बनाकर भीषण जवाबी कार्रवाई की है।
बंदर अब्बास पर हमले के बाद भड़का ईरान
तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी ने बयान जारी कर कहा कि स्थानीय समयानुसार सुबह 4:50 बजे अमेरिकी ठिकानों पर यह हमला किया गया। ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई बंदर अब्बास एयरपोर्ट के बाहरी इलाके में अमेरिकी सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों का सीधा जवाब है। हालांकि, ईरान ने सुरक्षा कारणों से यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसने किस देश में स्थित अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया है। वहीं, इस जवाबी कार्रवाई के बाद पड़ोसी देश कुवैत ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि उनकी वायुसेना अपनी सीमा की ओर आ रही मिसाइलों और ड्रोन्स को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर रही है।
तनावपूर्ण हुए हालात, युद्धविराम की उम्मीदों को झटका
अमेरिका और ईरान के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही शांति वार्ता और युद्धविराम की कोशिशों को इस नए टकराव से बड़ा झटका लगा है। आईआरजीसी ने अमेरिका को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसके देश पर दोबारा हमला हुआ, तो इससे भी ज्यादा घातक और निर्णायक प्रतिक्रिया दी जाएगी। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और बंदर अब्बास के पास हुई इस भीषण गोलाबारी के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में अलर्ट जारी कर दिया गया है।









