गेल-रसेल के रिकॉर्ड तोड़ने वाला 15 साल का ‘वंडर बॉय’ वैभव सूर्यवंशी डगआउट में रोया, RR का सफर खत्म

राजस्थान रॉयल्स (RR) के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी टीम के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के क्वालिफायर-2 से बाहर होने पर बेहद भावुक हो गए। महज 15 साल की उम्र में इस टूर्नामेंट में टी20 बैटिंग का सबसे बड़ा और विस्फोटक प्रदर्शन करने के बावजूद, वह अपनी टीम को फाइनल में नहीं पहुंचा सके।

गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ मिली इस हार के बाद वैभव सूर्यवंशी के लिए ये सारे आंकड़े और ऑरेंज कैप कोई मायने नहीं रख रहे थे। जब गुजरात के खिलाड़ी डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ फाइनल (टाइटल्स क्लैश) में पहुंचने का जश्न मना रहे थे, तब वैभव डगआउट में बैठे मुश्किल से अपने आंसुओं को रोक पा रहे थे। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य ने उन्हें गले लगाकर दिलासा दिया।

शुभमन गिल के शतक ने फेरा वैभव की मेहनत पर पानी
इस बेहद अहम मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी के 47 गेंदों में बनाए गए सूझबूझ भरे 96 रनों (8 चौके, 7 छक्के) और डोनोवन फरेरा की 11 गेंदों में 38 रनों की कैमियो पारी की बदौलत 20 ओवर में 214/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

जवाब में, 215 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 104 रनों (15 चौके, 3 छक्के) की कप्तानी पारी खेली। गिल ने साई सुदर्शन (58 रन) के साथ मिलकर 167 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की और GT को 3 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी। यह आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन-चेज़ है।

तोड़ डाले क्रिस गेल और आंद्रे रसेल के ‘एतिहासिक महारिकॉर्ड’
भले ही राजस्थान रॉयल्स का सफर खत्म हो गया हो, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन वर्ल्ड क्रिकेट में वो कर दिखाया जो पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने इस सीजन खेलीं 16 पारियों में 48.50 की लाजवाब औसत और 237.50 के तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन कूट डाले, जिसमें 1 शतक, 5 अर्धशतक और कुल 72 छक्के शामिल रहे।

क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटा: इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में वैभव ने 29 गेंदों में 97 रनों की सनसनीखेज पारी खेली थी। इस सीजन उनके कुल छक्कों ने आईपीएल 2012 में क्रिस गेल द्वारा बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने प्लेऑफ में कुल 19 छक्के लगाए।

आंद्रे रसेल को पछाड़ा: वैभव सूर्यवंशी ने गेंद खेलने (Balls Faced) के मामले में सबसे तेज 1,000 आईपीएल रन पूरे करने का आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव ने महज 440 गेंदों में यह कारनामा किया। वहीं पारियों के मामले में वह सिर्फ 23 पारियों में इस जादुई आंकड़े तक पहुंचकर दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने।

Related Articles

Back to top button