
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिजनौर के ऐतिहासिक धामपुर में एक बेहद आक्रामक और भावुक रूप में नजर आए। मुख्यमंत्री ने बिजनौर की धरती से न सिर्फ क्षेत्र को अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, बल्कि पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए 1,645 हिंदू परिवारों और 50 पूर्व सैनिकों को उनकी जमीन का ‘भूमिधरी अधिकार पत्र’ और प्रधानमंत्री आवास की चाबियां भी सौंपी।
दशकों से अपने वतन में शरणार्थी का जीवन जी रहे विस्थापितों को अधिकार सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने बिजनौर को महाभारत और धर्म की रक्षा करने वाली पावन भूमि बताया।
“धर्म स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी, खर-दूषण सामने हों तो शस्त्र उठाना होगा”
अपने संबोधन में सीएम योगी ने बिजनौर के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व का जिक्र करते हुए सनातन संस्कृति और सुरक्षा पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा:
“यह महाभारत की पावन धरती है और बिजनौर ने इतिहास को बनते हुए देखा है। यह हमेशा से धर्म की रक्षा करने वाली धरती रही है। याद रखिए, जहां एक ओर शांति जरूरी है, वहीं धर्म की स्थापना के लिए ‘सुदर्शन चक्र’ भी उतना ही जरूरी है। अगर आपके सामने ‘खर-दूषण’ खड़े हों, तो मर्यादा की रक्षा के लिए शस्त्र उठाना ही होगा।”
सीएम योगी ने ‘दोस्ती के नाम पर धोखेबाजी’ करने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी। गाजियाबाद की एक हालिया घटना का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी और विश्वासघात का धंधा अब उत्तर प्रदेश में कतई नहीं चलेगा।
गाय को ‘पशु’ कहने वालों की बुद्धि भ्रष्ट, राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सबसे तीखा हमला गोवंश की सुरक्षा और गाय को लेकर राजनीति करने वालों पर रहा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि गाय हमारी आस्था का केंद्र है और इसके साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम योगी ने कहा, “जो लोग गाय को महज एक साधारण ‘पशु’ कहते हैं, उनकी बुद्धि पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है। हमने आदिकाल से गौ और गंगा को अपनी माता माना है। ‘गाय हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है’, यह हमारी रगों में बसा है। जैसे किसी बेटे को यह नहीं बताना पड़ता कि उसकी माता कौन है, वैसे ही हमें बताने की जरूरत नहीं है।”
बता दें, सीएम योगी ने कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं द्वारा गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ घोषित करने की मांग पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ मौलाना अब कहते हैं कि इसे राष्ट्रीय पशु कहो, लेकिन हम इसे अपनी माता मानते हैं और गौ माता के खिलाफ कोई भी साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी ने गर्जना करते हुए अपराधियों को चेतावनी दी, “गौ माता के प्रति कोई हिमाकत मत करना। अगर किसी ने गौ माता के साथ कुछ भी गलत करने की कोशिश की, तो उसकी आने वाली 7 पुश्तें याद रखेंगी।”
विस्थापितों और सैनिकों को मिला सामाजिक-आर्थिक संबल
राजनीतिक संदेशों के साथ-साथ सीएम योगी ने मंच से 1,645 विस्थापित हिंदू परिवारों के जीवन में आए इस ऐतिहासिक बदलाव पर खुशी जाहिर की। इन परिवारों को अब उत्तर प्रदेश में कानूनी मान्यता, जमीन का मालिकाना हक और पक्के मकान मिल गए हैं, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा हमेशा के लिए सुनिश्चित हो गई है। इसके साथ ही देश की सीमा पर शौर्य दिखाने वाले 50 पूर्व सैनिकों को भी भूमि अधिकार पत्र देकर सम्मानित किया गया।









