
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के केंद्र के बाहर एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक युवक अपनी पत्नी को यूपी पुलिस की परीक्षा दिलाने के लिए केंद्र पर आया था। जैसे ही परीक्षा खत्म हुई और दोनों वापस लौटने लगे, तभी घात लगाए हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस सरेआम हुए गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परीक्षा देकर निकल रहे अभ्यर्थियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के पीछे प्रेम विवाह की रंजिश और ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है। मृतक की रोती-बिलखती पत्नी ने अपने ही परिजनों पर पति की हत्या का सीधा आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने महज तीन-चार महीने पहले ही परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था, जिससे लड़की के घरवाले बेहद नाराज थे।









