
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कानून-व्यवस्था और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रीलबाजों (हुड़दंगियों) का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मेरठ के व्यस्ततम हापुड़ रोड पर एक खुली जीप में सवार कुछ युवकों ने करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर जमकर उत्पात मचाया और स्टंटबाजी की। आरोपियों ने न सिर्फ यातायात के नियमों को तोड़ा, बल्कि अपनी गाड़ी को बेहद लापरवाही से दौड़ाया, जिससे राहगीरों और आम जनता की जान पर बन आई।
यह पूरी घटना नौचंदी और लोहियानगर थाना क्षेत्र की सीमा से जुड़ी हुई है। हैरानी की बात यह है कि हुड़दंगियों की यह जीप दोनों थानों के इलाकों से होकर गुजरी, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब इस खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने यूपी पुलिस को टैग करना शुरू किया, तब जाकर पुलिस महकमा नींद से जागा।
यह वायरल वीडियो 30 मई का बताया जा रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात नावेद और हबीबी नाम के दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर जीप के नंबर और उसमें सवार अन्य युवकों की शिनाख्त करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा है कि ऐसी गुंडागर्दी से बड़े सड़क हादसे हो सकते हैं।









