अम्बेडकरनगर में सनसनी,खेत में सिंचाई करने गए पति-पत्नी के मिले शव,इलाके में मचा हड़कंप

अम्बेडकरनगर: जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजनपारा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई, जब खेत पर सिंचाई करने गए पति-पत्नी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला। एक साथ दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम व दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, दंपति रोज की तरह अपने खेत में फसलों की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान खेत के पास ही सड़क किनारे दोनों अचेत और संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। परिजनों ने जब पास जाकर देखा तो दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में चर्चा है और पुलिस भी शुरुआती तौर पर अंदेशा जता रही है कि दंपति पर किसी हिंसक जंगली जानवर ने हमला किया हो सकता है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली और सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button