यमुना नदी में नहाने के दौरान डूबी किशोरी , बचाने गया युवक भी हुआ लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

कानपुर देहात : मूसानगर इलाके में यमुना नदी में नहाने गईं दो किशोरियां अचानक डूब गईं। युवक एक लड़की को बचाने में सफल रहा और दूसरी को बचाने की कोशिश में वह खुद नदी में समा गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और SDRF और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

जाने पूरा मामला

घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मूसानगर कस्बा इलाके के नया पुरवा गांव में एक दुखद हादसा हुआ। गांव की 12 साल की भूरी देवी और 15 साल की ज्योति देवी यमुना नदी में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। सुंकर पास पर मौजूद 17 साल के सिद्धगोपाल ने बिना समय गंवाए दोनों की चीख-पुकार के बीच यमुना में छलांग लगा दी। सिद्धगोपाल ने पहले ज्योति को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। लेकिन जब वह दूसरी लड़की भूरी को बचाने के लिए दोबारा नदी में उतरा तो तेज बहाव और गहराई के कारण वह खुद भी नदी में डूब गया।

हादसे के समय भूरी की मां यमुना में भैंसों को नहला रही थी। बेटी और युवक को डूबता देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद गांव वाले मौके पर पहुंचे। इसी बीच बचाव के लिए नदी में उतरीं दो महिलाएं डूबने लगीं, जिन्हें गांव वालों ने रस्सी और कपड़ों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद भोगनीपुर के जिला अधिकारी राजीव सिरोही, नायब तहसीलदार अभिनव चतुर्वेदी और मूसानगर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तुरंत गोताखोरों की तीन टीमें लगाईं। करीब चार घंटे बाद SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद पूरे नया पुरवा गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वाले सिद्धगोपाल की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं, जिसने अपनी जान जोखिम में डालकर एक बच्ची की जान बचाई। फिलहाल भूरी और सिद्धगोपाल की तलाश जारी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि यमुना में डूबने की घटनाएं हर साल होती हैं। इसके बावजूद घाटों पर न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही गोताखोरों के लिए कोई स्थायी व्यवस्था है। घटना के कई घंटे बाद बचाव अभियान शुरू हुआ।

Related Articles

Back to top button