
अलीगढ़ में एक सॉस फैक्ट्री की गंदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद फूड डिपार्टमेंट ने सेहत से खिलवाड़ करने वाली दो जगहों पर छापा मारा। डिपार्टमेंट ने चटनी, सॉस, जैम, जेली और अचार बनाने वाली यूनिट से 6 सैंपल लिए और बड़ी मात्रा में खाने का सामान जब्त करके नष्ट कर दिया।
दिल्ली गेट थाने के पीछे रिया गोल्ड ब्रांड की फैक्ट्री में गंदगी का वीडियो वायरल होने के बाद फूड सिक्योरिटी टीम पहुंची। टीम-1 ने राजकुमार वर्मा की जगह से सफेद सिरका, रेड ग्रीन सॉस और समोसा मसाला का सैंपल लिया। मौके पर 920 kg रेड ग्रीन सॉस (कीमत 21,240 रुपये) जब्त किया गया और 150 kg खराब प्रोडक्ट नष्ट कर दिया गया।
दूसरी यूनिट पर भी हुई कार्रवाई
टीम-2 ने मैरिस रोड पर विशाल चावला की दुकान पर छापा मारा। यहां से मीठी चटनी, हरी चटनी और सोया सॉस के सैंपल लिए गए। 180 लीटर मीठी चटनी मौके पर ही नष्ट कर दी गई और 464 बोतलें जब्त की गईं। बड़ी मात्रा में हरी चटनी और सोया सॉस भी इकट्ठा करके नष्ट कर दिया गया।
मिलावट करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का दावा
यह अभियान असिस्टेंट कमिश्नर फूड (II) के निर्देश और चीफ फूड सेफ्टी ऑफिसर मनोज कुमार सिंह तोमर की देखरेख में चलाया गया। दोनों दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









