
नई दिल्ली। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बाद अब उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) में बड़ी बगावत के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी के 6 लोकसभा सांसद मंगलवार रात चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुँचे और आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, ये सांसद पार्टी से अलग होने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं।
शिवसेना (UBT) के कुल 9 लोकसभा सांसदों में से 6 का इस तरह दिल्ली पहुँचना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इन सांसदों की आज श्रीकांत शिंदे के आवास पर बैठक होने की संभावना है, जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया जा सकता है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी दिल्ली में मौजूद हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) के एमएलसी कृपाल तुमाने ने दावा किया कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत पिछले एक महीने से इन सांसदों से लगातार बातचीत चल रही थी और अब यह अपने अंतिम चरण में है।
दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने आरोप लगाया है कि इन सांसदों को पाला बदलने के लिए करोड़ों रुपये का प्रलोभन दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा और शिंदे गुट की साजिश है। अभी तक इन 6 सांसदों के नाम सार्वजनिक नहीं हुए हैं, लेकिन स्पीकर से मुलाकात और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले तृणमूल कांग्रेस में भी बड़े स्तर पर टूट हो चुकी है और अब उद्धव ठाकरे की पार्टी भी इसी राह पर चलती दिख रही है।









