
जालौन : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक दर्दनाक घटना हुई है। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुरा में पहुज नदी में डूबे तीन युवकों के शव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और जालौन में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और गोताखोरों की मदद से तीनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद शादी वाले घर और मृतक के परिवार में मातम पसर गया है।
इंस्पेक्टर माधौगढ़ अभिलाख मिश्रा ने बताया कि SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।









