
अमेठी : जगदीशपुर थाना इलाके के हरपालपुर गांव में शुक्रवार सुबह खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। मरने वालों की पहचान हरपालपुर निवासी रामबोध यादव (करीब 55 साल) बेटे जोहरक यादव और हीरालाल प्रजापति (करीब 58 साल) बेटे गुरुदीन प्रजापति के रूप में हुई है। गांव वालों के मुताबिक, बिजली के खंभे से तार गांव के पास मौजूद एक ट्यूबवेल पर ले जाया गया था। किसी वजह से यह तार टूटकर खेत में गिर गया था और उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी।
करंट की चपेट में आने से हुआ हादसा
बता दे कि शुक्रवार सुबह हीरालाल प्रजापति अपने खेत पर गया था, जहां वह करंट की चपेट में आ गया। कुछ दूरी पर मौजूद रामबोध यादव ने हीरालाल को गिरते देखा और उसकी मदद के लिए दौड़ा। खेत में फैले करंट की चपेट में आने से रामबोध भी बुरी तरह झुलस गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों परिवारों के रिश्तेदारों में कोहराम मच गया
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों के रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। दो लोगों की अचानक मौत से मौके पर गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक रामबोध यादव का बेटा पुलिस डिपार्टमेंट में काम करता है। घटना के समय वह घर पर ही मौजूद था और अपने पिता के शव के साथ पोस्टमार्टम के लिए निकल गया। वहीं, हीरालाल प्रजापति के इकलौते बेटे को भी पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।









