
हाथरस : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिलें के हसायन इलाके में बच्चों के बीच हुआ मामूली झगड़ा जानलेवा बन गया। थाना हसायन के गांव खेड़ा सुल्तानपुर में शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे दो चचेरे भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था
बता दे कि गांव खेड़ा सुल्तानपुर के रहने वाले राजेश कुमार (45) और भुजवीर सिंह के बेटे सुनील कुमार चचेरे भाई हैं। शुक्रवार रात उनके बच्चों में किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। बच्चों का यह झगड़ा धीरे-धीरे बड़ों के बीच झगड़े में बदल गया। झगड़े के दौरान सुनील के हाथ में डंडा आ गया और उसने अपने बड़े भाई राजेश कुमार के सिर पर मार दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
वही घटना के बाद राजेश के परिवार वाले उसे सिकंदराराऊ के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वाले उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, लेकिन वहां भी उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिवार वाले बॉडी का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते थे और बॉडी को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। ये लोग बॉडी को काफी दूर ले गए लेकिन पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।









