
बहराइच : बुधवार रात थाना बौंडी इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। क्राइम ब्रांच की SWAT टीम और बौंडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर असलम पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसके दो साथी मौका पाकर फरार हो गए।
जाने कैसे हुआ एनकाउंटर ?
SP के निर्देश पर SWAT टीम और थाना हेड बौंडी को इलाके में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा करने के लिए लगाया गया था। 24/25 जून 2026 की रात को मुखबिर से सूचना मिली कि खैरा बाजार से आगे कुदई मार्ग पर कुछ बदमाश चोरी करने की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक बाइक पर तीन संदिग्ध लोग मिले। बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अपने बचाव में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। बाकी दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था
घायल बदमाश की पहचान असलम पुत्र नदीम निवासी गांव सारी मेहराबाद, थाना रामगांव के रूप में हुई। असलम थाना रामगांव का हिस्ट्रीशीटर है और थाना फखरपुर से गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तलाशी के दौरान असलम के पास से 16 हजार रुपये कैश, दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, आठ चाकू, एक देसी पिस्तौल .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
क्रिमिनल हिस्ट्री
पुलिस के मुताबिक, असलम के खिलाफ जिले के कई थानों में चोरी समेत दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह कई चोरियों में वॉन्टेड था। फरार साथियों में से एक की पहचान थाना बौंडी इलाके के रहने वाले फिरोज के तौर पर हुई है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।









