यूपी में गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, 27 जून को दस्तक देगा मानसून, 25 से हल्की बारिश का अनुमान, 9 जिलों में लू का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गाजियाबाद, नोएडा और गोरखपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की जताई संभावना; बांदा में बुधवार को 44.2 डिग्री रहा तापमान, 28 जून से तेज होगी मानसूनी बारिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। आईएमडी के अनुसार, प्रदेश में 27 जून को मानसून की एंट्री होने की प्रबल संभावना है, जबकि 25 जून से ही पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हो सकती है। हालांकि, विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 9 जिलों में लू का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

25 जून को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, गाजियाबाद और नोएडा समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में 25 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है, जबकि वाराणसी और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी यूपी के गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ और वाराणसी समेत अन्य जिलों में भी हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है।

कब होगी मानसून की एंट्री?

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 27 जून को प्रदेश में मानसून की औपचारिक एंट्री हो जाएगी, जिसके बाद 28 जून से यूपी के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश में प्रवेश की प्रबल संभावना है।

कहां-कहां है लू का अलर्ट?

मौसम विभाग ने गुरुवार को लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और लखनऊ समेत प्रदेश के 9 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, 25 से 27 जून तक प्रदेश में लू का असर बना रहेगा, लेकिन इसी दौरान पूर्वी, तराई और अन्य इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का दौर भी शुरू हो जाएगा। बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी बांदा में दर्ज की गई, जहां का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

Related Articles

Back to top button