
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से परिवहन विभाग की चेकिंग से बचने का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नेशनल हाईवे 34 (NH-34) पर स्थित बेतवा नदी के पुल पर आरटीओ टीम को सामने देख एक मौरंग लदे ट्रक के ड्राइवर ने पकड़े जाने और भारी-भरकम जुर्माने के डर से बीच पुल पर ही पूरी मौरंग पलट दी। पुल के बीचों-बीच भारी मात्रा में मौरंग (बालू) बिखर जाने के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया
इस अजीबोगरीब हादसे और ड्राइवर की इस करतूत की वजह से NH-34 पर कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। पुल के संकरे रास्ते पर मौरंग गिरने के कारण छोटे-बड़े सभी वाहनों के पहिये थम गए और चिलचिलाती धूप में करीब दो घंटे तक वाहन रेंगने को मजबूर रहे। इस दौरान हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों, एंबुलेंस और आम यात्रियों को बेहद भारी परेशानियों और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
क्रेन की मदद से पुल के बीच से मौरंग को हटवाने का काम शुरू कराया गया
वही पुल पर भारी जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थानीय मजदूरों और क्रेन की मदद से पुल के बीच से मौरंग को हटवाने का काम शुरू कराया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मौरंग को सड़क किनारे कराकर हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। पुलिस अब संबंधित ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर और ट्रक मालिक के खिलाफ सार्वजनिक रास्ते को बाधित करने और सरकारी काम में बाधा डालने की गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।









