
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने 384 करोड़ रुपये की 111 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम योगी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में 593 अंक हासिल कर टॉप करने वाली प्रतापगढ़ की बेटी श्रद्धा पांडे को मंच पर बुलाकर आईपैड भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
राम मंदिर चोरी कांड पर क्या बोले सीएम?
राम मंदिर दान चोरी मामले पर चल रही एसआईटी जांच का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, अयोध्या मामले की एसआईटी दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी। जिसके खिलाफ साक्ष्य थे, उसके खिलाफ कार्रवाई हुई। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, जब कांग्रेस राम को काल्पनिक कह रही थी, दुर्गा पूजा और कृष्ण जन्माष्टमी को रोका जाता था, तब हिंदुओं की आस्था आहत नहीं हो रही थी। इनको कष्ट यह है कि जहां बाबरी मस्जिद का ढांचा देखना चाहते थे, आज वहां प्रभु श्रीराम का मंदिर है। कांग्रेस और सपा को देखकर अब गिरगिट भी शरमा जा रहा है।
वक्फ की जमीन पर किया हमला
सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर वक्फ की जमीन को लेकर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, मैं सपा-कांग्रेस से पूछता हूं कि अयोध्या में कथित चोरी को लेकर तुम हिंदू आस्था पर खिलवाड़ कर रहे हो, लेकिन एक बार बताओ कि वक्फ के नाम पर हजारों हेक्टेयर जमीन प्रदेश और देश में बेची गई। यह जमीन गरीब की थी, कमजोर की थी, जिसका पट्टा गरीबों को दिया जा सकता था। लेकिन इन्होंने वक्फ के नाम पर उन जमीनों पर कब्जा करवाकर बेच दिया और चुनिंदा लोगों ने उसका वारा-न्यारा किया। इस पर कांग्रेस और सपा एक बार भी नहीं बोली।
पहले सैफई परिवार नौकरियों पर डकैती डालता था
प्रदेश में हुई 60 हजार पुलिस भर्तियों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि इन भर्तियों में प्रतापगढ़ के बच्चे भी भर्ती हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, पहले इन्हीं नौकरियों पर सैफई घराना डकैती डालकर इसकी नीलामी करता था और गरीब का होनहार इन नौकरियों से वंचित होता था। जब नौजवान वंचित होगा तो पलायन करेगा और तब दुर्गति तय है।
वोट और जाति देखकर योजना का लाभ नहीं दिया
सीएम योगी ने कहा कि 9 साल पहले प्रतापगढ़ की गिनती पिछड़े जनपदों में होती थी और खराब सड़कों के चलते यहां का आंवला दम तोड़ रहा था। उन्होंने कहा, पिछली सरकारों ने वन जनपद-वन माफिया दिया, हमने वन जनपद-वन उत्पाद दिया। हमने वोट और जाति देखकर योजना का लाभ नहीं दिया। सबका साथ-सबका विकास के रास्ते पर सरकार ने काम किया। उन्होंने प्रतापगढ़ में बने मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा, 2017 से पहले क्या कोई सोच सकता था कि प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज बनेगा? आज प्रतापगढ़ की बेटियां इसी कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई करेंगी।









