
गाजा में गुरुवार को हुए ताजा इजरायली हमलों में 6 लोगों की मौत हो गई। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला अमेरिका की मध्यस्थता वाले युद्धविराम के बावजूद हुआ। गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी और स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में से 2 लोगों की मौत मध्य गाजा के नुसेरात कैंप में इजरायली ड्रोन हमले में हुई, जबकि अन्य 4 लोगों की जान क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में हुए हमलों में गई। गाजा के अस्पतालों में हमले में मारे गए लोगों के शव पहुंचाए गए।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका ने ईरान में नए हमले शुरू करने की घोषणा की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बुधवार को बताया कि उसकी सेनाओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को कमजोर करने के लिए अतिरिक्त हमले शुरू किए हैं।
वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गुरुवार को दावा किया कि उसने उत्तरी जॉर्डन स्थित अमेरिका के अल-अजराक एयर बेस पर 10 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। ईरान ने इसे वाशिंगटन द्वारा तेहरान पर किए गए हालिया हमले के जवाब में की गई कार्रवाई बताया।
ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार, IRGC ने कहा कि यह हमला अमेरिका की कथित आक्रामक कार्रवाई के जवाब का दूसरा चरण है।
IRGC ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका की सैन्य कार्रवाई जारी रहती है तो क्षेत्र में मौजूद अन्य अमेरिकी ठिकाने भी हमलों के निशाने पर आ सकते हैं।









