
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही देश भर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अदाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर श्री प्रणव अदाणी और अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री करण अदाणी ने अपने परिवार के साथ मुंबई के बेहद प्रसिद्ध और ऐतिहासिक ‘चिंचपोकली चा चिंतामणि’ पहुंचकर बप्पा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों दिग्गजों ने भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और इस भव्य उत्सव का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस किया।
इस अवसर पर प्रणव अदाणी ने कहा कि चिंचपोकली पब्लिक उत्सव मंडल के साथ पार्टनरशिप करने पर उन्हें बेहद सम्मान महसूस हो रहा है। अपने 107वें वर्ष में प्रवेश कर चुका ‘चिंचपोकली चा चिंतामणि’ मुंबई की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भक्ति और एकता का एक बड़ा प्रतीक है। यह पंडाल मुंबई का दूसरा सबसे पुराना सार्वजनिक गणपति है, जिसकी जड़ें शहर के ऐतिहासिक टेक्सटाइल हब यानी परेल, गिरगांव और लालबाग से जुड़ी हुई हैं। यह उत्सव स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की उस महान विरासत को आगे बढ़ाता है, जिन्होंने 1890 के दशक में गणेशोत्सव को एक सार्वजनिक आंदोलन का रूप दिया था।
इस वर्ष चिंचपोकली चा चिंतामणि का पंडाल अपनी खास थीम और भव्यता के लिए विशेष चर्चा में है। इस साल का पूरा सेलिब्रेशन दक्षिण भारतीय मंदिर वास्तुकला (आर्किटेक्चर) की शान से प्रेरित एक अद्भुत अनुभव प्रदान कर रहा है। भगवान वेंकटेश्वर बालाजी की थीम पर आधारित इस मूर्ति और पंडाल में गरुड़, कीर्तिमुख, शंख, चक्र और कपूर तिलक जैसे पारंपरिक पवित्र रूपांकन शामिल किए गए हैं। यह विशाल पंडाल हैदराबाद और भुवनगिरी के श्री वेंकटेश्वर मंदिर (स्वर्णगिरी) की वास्तुकला को दर्शाता है, जिसमें ऊंचे गोपुरम, पवित्र दीपस्तंभ और आकर्षित करने वाली मूर्तियां स्थापित की गई हैं।
गौरतलब है कि 1939 से यह ऐतिहासिक उत्सव चिंचपोकली रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में लगातार आयोजित किया जाता आ रहा है। मिल मजदूरों के संघर्ष और योगदान से सींचा गया यह मंडल आज गणेशोत्सव से आगे बढ़कर हेल्थकेयर, ब्लड डोनेशन कैंप, और शिक्षा जैसी समाज सेवा की विभिन्न पहलों के जरिए लगातार कम्युनिटी की सेवा कर रहा है। अदाणी परिवार की इस यात्रा और मंडल के इन सामाजिक कार्यों ने इस बार के गणेशोत्सव को और भी अधिक खास बना दिया है।









