अमरोहा में नशे में धुत सिपाही ने कार से दो लोगों को कुचला, बिना टायर के हाईवे पर दौड़ाई कार…जानिए फिर क्या हुआ?

अमरोहा। जिले के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया कस्बे में सोमवार रात करीब 11 बजे एक सिपाही पर नशे की हालत में कार से दो लोगों को कुचलने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी सिपाही संजीव तोमर ने अपनी कार से अमित कुमार और रविंद्र को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी और पीड़ित तीनों डिडौली गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

बिना टायर के हाईवे पर दौड़ाता रहा कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी सिपाही नहीं रुका और उसने कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। इस दौरान उसकी कार का एक टायर निकल गया, लेकिन इसके बावजूद वह बिना टायर के ही कार को हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ाता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने सिपाही का पीछा किया और जोया टोल प्लाजा के पास उसकी कार को रोक लिया, जिसके बाद भीड़ ने आरोपी सिपाही की जमकर धुनाई कर दी।

पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर किया हिरासत में

सूचना मिलते ही डिडौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सिपाही को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी जितेंद्र बालियान ने बताया कि आरोपी सिपाही संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button