तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी की केंद्र से मांग, इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का बनाया जाए वारंगल और आदिलाबाद

नई दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से आग्रह किया है कि वारंगल (ममनूर) और आदिलाबाद में बनने वाले नए एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया जाए।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित राजीव गांधी भवन में केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात की और वारंगल एयरपोर्ट परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने वारंगल शहर की रणनीतिक स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वारंगल पहले से ही रेल और सड़क नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और यहां काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क, काजीपेट कोच फैक्ट्री समेत कई प्रमुख उद्योग मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि वारंगल एयरपोर्ट उत्तर तेलंगाना के आदिलाबाद, करीमनगर, वारंगल और खम्मम क्षेत्रों के साथ-साथ नलगोंडा के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने वारंगल एयरपोर्ट पर MRO (Maintenance, Repair and Overhaul), एयर कार्गो और हैंगर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जल्द टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की। उन्होंने एयरपोर्ट को 2 जून 2028 तक पूरा कर उद्घाटन के लिए तैयार करने का अनुरोध किया।

बैठक में वारंगल एयरपोर्ट के डिजाइन को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि एयरपोर्ट के डिजाइन में काकतीय इतिहास और संस्कृति की झलक दिखाई देनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने इस सुझाव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

रेवंत रेड्डी ने आदिलाबाद में डिफेंस रनवे के साथ सिविल एयरपोर्ट स्थापित करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने दोनों एयरपोर्ट पर MRO, एयर कार्गो और हैंगर सुविधाओं के विकास की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने हुसेन सागर और प्रकाशम बैराज के बीच सी-प्लेन सेवा शुरू करने की संभावना पर भी चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव भेजने को कहा।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि एयरपोर्ट राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के जरिए राज्य में विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि कई देशों ने एयरपोर्ट के माध्यम से विकास हासिल किया है। उन्होंने तेलंगाना सरकार की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की सराहना की और कहा कि अन्य राज्यों को भी इससे सीख लेनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button