E 20 को लेकर नितिन गडकरी पर आरोप लगाने वाले इंफ्लुएंसर फंसे, मनीष कश्यप समेत 4 पर केस दर्ज

नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बदनाम करने के आरोप में 4 इंफ्लुएंसर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप, देसी ब्वॉयज NCR, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाटे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन लोगों पर इथेनॉल फ्यूल को लेकर गलत जानकारी फैलाने और नितिन गडकरी का नाम जोड़कर उनकी छवि खराब करने का आरोप है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इथेनॉल फ्यूल को लेकर भ्रामक जानकारी साझा की गई और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को इस मामले से जोड़ने की कोशिश की गई। इसी आधार पर इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

नागपुर साइबर पुलिस में दर्ज हुई शिकायत

यह मामला नागपुर में भाजपा सोशल मीडिया सेल के प्रमुख शिशिर त्रिपाठी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। उन्होंने नागपुर साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंफ्लुएंसर ने वीडियो को वास्तविक दिखाने के लिए लोगों के भ्रामक इंटरव्यू लिए। इससे नितिन गडकरी की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ता ने सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का भी आरोप लगाया है।

सोशल मीडिया व्यूज के लिए साजिश का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज हासिल करने और फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। साथ ही सरकार की इथेनॉल नीति को गलत तरीके से पेश करने का भी आरोप लगाया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि साइबर सेल की जांच में सामने आया है कि इंफ्लुएंसर द्वारा साझा की गई जानकारी गैर-कानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली थी। अधिकारी के मुताबिक, नितिन गडकरी का इस मामले से कोई सीधा संबंध नहीं होने के बावजूद वीडियो को सनसनीखेज बनाने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल किया गया।

Related Articles

Back to top button