
गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। बता दे कि यहां एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि परिवार की प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
नशे की हालत में अपने पिता पर पिस्टल से दो गोलियां चला दीं
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बेटे निखिल नेहरुआ ने नशे की हालत में अपने पिता पर पिस्टल से दो गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की
घटना के बाद आरोपी निखिल नेहरुआ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वहीं, यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी निखिल ने वर्ष 2018 में अपने छोटे भाई को भी गोली मारी थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग इस वारदात को लेकर हैरान हैं।









