इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी से मचा हड़कंप, 5 घंटे तक चली जांच, जानिए किसने और क्यों रखी धमकी भरी पर्ची?

बेंगलुरु। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की धमकी भरी एक पर्ची मिली। हालांकि, घंटों चली गहन जांच के बाद यह धमकी पूरी तरह फर्जी पाई गई।

कैसे मिली धमकी?

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट रात 8:00 बजे बेंगलुरु से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन टेक-ऑफ से ठीक पहले विमान के अंदर बम की धमकी वाला एक नोट मिला, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। तय प्रोटोकॉल के तहत विमान को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया।

क्या मिला जांच में?

सुरक्षाकर्मियों और बम निरोधक दस्ते ने पूरे विमान, सभी यात्रियों और उनके सामान की सघन तलाशी ली। गहन जांच के बाद जब कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली और धमकी को पूरी तरह अफवाह करार दिया। सभी जरूरी सुरक्षा मंजूरियों के बाद विमान देर रात 1:21 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हो सका। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विमान के अंदर यह फर्जी नोट किसने और किस मकसद से रखा था।

Related Articles

Back to top button