
चंडीगढ़ : पंजाब में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 2,800 नए राशन डिपो धारकों को लाइसेंस सौंपे। इस पहल का उद्देश्य राज्य के लोगों को उनके घरों के नजदीक आसानी से राशन उपलब्ध कराना है। सरकार के इस फैसले से करीब 5.5 लाख राशन कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब लोगों को मासिक राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और न ही काम छोड़कर घंटों कतारों में खड़ा होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नए राशन डिपो धारकों की नियुक्ति पारदर्शी साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से की गई है।
उन्होंने बताया कि नए लाइसेंसों में समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इनमें अनुसूचित जाति वर्ग के 633 परिवार, अन्य पिछड़ा वर्ग के 199 परिवार, पूर्व सैनिकों के 181 परिवार, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के 39 सदस्य, दिव्यांग व्यक्तियों के 156 मामले और दंगा पीड़ित परिवारों के 17 सदस्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई व्यवस्था से हजारों परिवारों को रोजगार का अवसर मिलेगा और वे सरकार व जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेंगे। उन्होंने नवनियुक्त डिपो धारकों से अपील की कि वे इसे सिर्फ व्यवसाय नहीं बल्कि सेवा की जिम्मेदारी समझकर निभाएं।
40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं और ‘मेरी रसोई राशन किट’ उपलब्ध करा रही
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार स्मार्ट राशन कार्ड योजना के तहत 40 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं और ‘मेरी रसोई राशन किट’ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में कोई भी परिवार भूखा न सोए। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राशन डिपो लाइसेंस राजनीतिक सिफारिशों के आधार पर बांटे जाते थे, लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार ने साक्षात्कार आधारित चयन प्रक्रिया शुरू कर पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि हर गांव और शहर में राशन डिपो उपलब्ध हों, जिससे लोगों को आवश्यक सेवाएं उनके घर के पास ही मिल सकें। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब सरकार की अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए देश का पहला समर्पित सड़क सुरक्षा बल (SSF) शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि 1,597 प्रशिक्षित जवानों को 144 अत्याधुनिक वाहनों के साथ तैनात किया गया है।
सड़क सुरक्षा बल की शुरुआत के बाद सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 48 प्रतिशत की कमी आई
उन्होंने दावा किया कि सड़क सुरक्षा बल की शुरुआत के बाद सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 48 प्रतिशत की कमी आई है। इसके अलावा दुर्घटना पीड़ितों के सामान और नकदी को सुरक्षित वापस लौटाने का काम भी किया गया है। सिंचाई व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2022 में पंजाब केवल 22 प्रतिशत नहरी पानी का इस्तेमाल करता था, जबकि अब यह आंकड़ा 80 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में दशकों बाद गांवों तक नहरी पानी पहुंचा है।
पंजाब अपने हिस्से के पानी की रक्षा करेगा
भगवंत मान ने कहा कि नहरी पानी के बढ़ते उपयोग से भूजल पर निर्भरता कम हुई है और पंजाब के भूजल स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य उपलब्ध नहरी पानी का 100 प्रतिशत उपयोग करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। नदी जल के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अपने हिस्से के पानी की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब का पानी पंजाब का है और राज्य अपने अधिकारों से समझौता नहीं करेगा।
मुख्यमंत्री ने अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अकाली नेतृत्व पंजाब की जमीनी हकीकत से दूर रहा है और अब उनकी राजनीति केवल आरोपों तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल उनकी सरकार के खिलाफ अभियान चला रहे हैं क्योंकि वे जनहित में किए जा रहे कार्यों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता सब कुछ समझती है और जनता ही सर्वोच्च है।
सरकार ने पंजाब के खजाने का पैसा पूरी ईमानदारी से जनता के हित में खर्च किया
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब के खजाने का पैसा पूरी ईमानदारी से जनता के हित में खर्च किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय खेती के लिए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां देश में कई जगह सरकारी संपत्तियों के निजीकरण की बात हो रही है, वहीं पंजाब सरकार ने जनहित में निजी ताप विद्युत संयंत्र खरीदा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त राशन डिपो धारकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ लोगों की सेवा करें और मिलकर एक ‘रंगला पंजाब’ बनाने में योगदान दें।









