
हरदोई : इलाके के गांव बेरेमऊ निवासी आशीष का शव गुरुवार शाम को गांव रमपुरवा मजरा सांक के बाहर नीम के पेड़ से रस्सी पर लटका मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इंटरनेट मीडिया पर शव की फोटो चलने के बाद उसकी पहचान आशीष के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था
बता दे कि मृतक के भाई सतीश ने बताया कि आशीष का गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। उसने बताया कि चार दिन पहले आशीष मल्लावां इलाके के गांव पंचमखेड़ा में अपनी मौसी के घर गया था।
लड़की के भाई ने पहले आशीष को फोन पर धमकाया था
ऐसे में इसका संडीला इलाके तक पहुंचना संदिग्ध है। सतीश का आरोप है कि लड़की के भाई ने पहले आशीष को फोन पर धमकाया था और उसने ही उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया। घटना की सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जरूरी सैंपल लिए। बता दे कि आशीष अविवाहित था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









