कॉकरोच आंदोलन में ‘क्रोकोडाइल’ कूदे…, राहुल गांधी के धरने पर आचार्य प्रमोद कृष्णम का हमला

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री आवास के पास राहुल गांधी के धरने को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में क्रोकोडाइल कूद गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ जुटाकर पीएम हाउस पर हमला करवाने की कोशिश की जा रही है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भारत को बांग्लादेश बनाने के षड्यंत्र की जांच की मांग करते हुए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने की जरूरत बताई।

बता दें कि छात्रों पर कल हुए लाठीचार्ज के विरोध और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए थे। करीब 3 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

राहुल गांधी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कांग्रेस नेताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए प्रधानमंत्री आवास की ओर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के इस प्रदर्शन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक धक्का-मुक्की हुई। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हटाकर हिरासत में लिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने राहुल गांधी को धरना स्थल से हटाया। पुलिसकर्मी राहुल गांधी को हाथ-पैर पकड़कर वहां से ले गए। इस दौरान अखिलेश यादव भी उनके पास मौजूद थे, जिन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

Related Articles

Back to top button