
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ कैफे में पकड़े जाने और उसका वीडियो वायरल होने के बाद एक युवती ने आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ब्लू डायमंड होटल और उससे जुड़े कैफे की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक हिंदू लड़की दो मुस्लिम युवकों के साथ कैफे में गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों और हिंदू संगठन के सदस्यों ने उन्हें वहाँ पकड़ लिया और उनका वीडियो बना लिया। आरोप है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे आहत होकर छात्रा ने अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए युवती को कैफे ले जाने वाले मुख्य युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और वीडियो बनाने तथा उसे वायरल करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।









