
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल मुकाबले का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार का खिताबी मुकाबला अगले साल यानी 9 जून से 13 जून के बीच लंदन के मशहूर ‘द ओवल’ (The Oval) मैदान पर खेला जाएगा। खास बात यह है कि इससे पहले मौजूदा साइकिल का फाइनल लॉर्ड्स में होना तय था, जिसे अब बदलकर द ओवल शिफ्ट कर दिया गया है। इससे पहले साल 2023 में भी द ओवल ने ही WTC फाइनल की मेजबानी की थी, जहां ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था।
ICC के जनरल मैनेजर गौरव सक्सेना ने जानकारी दी कि 2027 का WTC फाइनल बेहद खास होने वाला है, क्योंकि इसी साल टेस्ट क्रिकेट अपने 150 साल पूरे कर रहा है। वहीं, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के मैनेजिंग डायरेक्टर नील स्नोबॉल ने भी लगातार तीन फाइनल्स की मेजबानी मिलने पर खुशी जताई है।
पॉइंट्स टेबल में सभी 9 टीमें रेस में
WTC पॉइंट्स टेबल 2025-27 की बात करें तो फिलहाल सभी 9 टीमें फाइनल की रेस में बनी हुई हैं।
- ऑस्ट्रेलिया 87.50 प्रतिशत अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
- दक्षिण अफ्रीका (75%) दूसरे और न्यूजीलैंड (72.22%) तीसरे पायदान पर है।
- भारतीय टीम 9 मैचों में 4 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के साथ 48.15% अंकों के साथ 5वें नंबर पर है।
- इसके अलावा बांग्लादेश चौथे, श्रीलंका छठे, इंग्लैंड सातवें, वेस्टइंडीज आठवें और पाकिस्तान नौवें स्थान पर है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम अब तक दो बार (2021 और 2023) WTC का फाइनल खेल चुकी है, लेकिन दोनों ही मौकों पर उसे खिताबी हार का सामना करना पड़ा है। अब देखना यह होगा कि 2027 के इस महामुकाबले में कौन सी दो टीमें आमने-सामने आती हैं।









