
वर्ष 2027 में होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप से पहले डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। खिलाड़ियों की लगातार चोटों और व्यस्त शेड्यूल से परेशान ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैक्डोनल्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के सामने एक बड़ी मांग रखी है। उन्होंने टूर्नामेंट के लिए स्क्वाड में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने की गुजारिश की है, ताकि लंबी और कठिन प्रतियोगिताओं से आसानी से निपटा जा सके।
आगामी विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इस बार टूर्नामेंट का फॉर्मेट बिल्कुल अलग और बेहद लंबा है। ग्रुप स्टेज के बाद सुपर 6 या सुपर 7 राउंड, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। 2023 के विश्व कप में विजेता ऑस्ट्रेलिया को 11 मैच खेलने पड़े थे, लेकिन 2027 में चैंपियन बनने वाली टीम को कम से कम 13 और फाइनलिस्ट को 15 तक मैच खेलने पड़ सकते हैं।
चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही टीम
रेडियो इंटरव्यू के दौरान कोच एंड्रयू मैक्डोनल्ड ने तर्क दिया कि मौजूदा नियम के तहत सिर्फ 15 खिलाड़ियों का स्क्वाड चुनने की अनुमति होती है। ऐसे में यदि टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में ही 2-3 खिलाड़ी चोटिल हो जाते हैं, तो कप्तान और चयनकर्ताओं के पास चुनने के लिए केवल 12-13 फिट खिलाड़ी ही बचते हैं। उन्होंने 2023 विश्व कप का उदाहरण देते हुए बताया कि ट्रेविस हेड की उंगली की चोट के कारण टीम को शुरुआती मैचों में भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी। अलग-अलग देशों में बदलती परिस्थितियों के बीच सही संतुलन बनाने के लिए बड़ा स्क्वाड होना बेहद जरूरी है।









