अजिंक्य रहाणे ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, फैंस के लिए लिखा भावुक संदेश

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। इसके साथ ही उनके करीब दो दशक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया।

वही रहाणे ने कहा कि हर चीज का एक समय होता है और उन्हें लगा कि अब इंटरनेशनल क्रिकेट से आगे बढ़ने का सही वक्त आ गया है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना भारतीय टीम की जर्सी पहनना था और उन्होंने अपने पूरे करियर में देश और टीम को हमेशा प्राथमिकता दी।

“चीटिंग नहीं, मेहनत पर भरोसा रखा”

रहाणे ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने क्रिकेट को पूरी ईमानदारी से खेला। उन्होंने बताया कि उनके लिए टीम हमेशा खुद से ऊपर रही और सही इरादों के साथ खेलना उनकी सबसे बड़ी सीख रही। उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें कई उतार-चढ़ाव दिखाए। कई बार हार मिली, गलतियां भी हुईं, लेकिन फैंस का प्यार और समर्थन हमेशा उनके साथ रहा।

टेस्ट क्रिकेट में छोड़ी खास छाप

अजिंक्य रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए 85 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 144 पारियों में 5,077 रन बनाए। उनके नाम टेस्ट में 12 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं।

रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम ने कई यादगार जीत हासिल कीं। 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनकी कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को गाबा में हराकर इतिहास रचा था। इस सीरीज में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की जमीन पर 2-1 से मात दी थी।

वनडे और टी20 में भी किया प्रतिनिधित्व

रहाणे ने भारत के लिए 90 वनडे मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 2,962 रन बनाए। वनडे में उनके नाम तीन शतक और 24 अर्धशतक हैं।वहीं टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 375 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम एक अर्धशतक दर्ज है।

BCCI, टीम और फैंस को कहा धन्यवाद

संन्यास के ऐलान के दौरान रहाणे ने BCCI, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, अपने साथियों, कोच, परिवार और फैंस का आभार जताया।उन्होंने कहा कि एक क्रिकेटर के तौर पर उनका सफर भले ही इंटरनेशनल स्तर पर खत्म हो रहा है, लेकिन खेल से उनका रिश्ता जारी रहेगा। वह आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों की मदद करना चाहते हैं और क्रिकेट से मिली सीख को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

Related Articles

Back to top button