विदर्भ टीम में जगह न मिलने से निराश 17 साल की क्रिकेटर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में भाई को लिखा- तुम पापा का नाम रोशन करना

नागपुर। क्रिकेट की दुनिया में बड़ा नाम कमाने का सपना देख रही एक 17 वर्षीय लड़की ने टीम में चयन न होने की निराशा में अपनी जिंदगी खत्म कर ली। विदर्भ क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही अदिति चौखांडे ने बुधवार रात अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने टीम में चयन न होने का दर्द बयान किया है।

पूरा मामला

यह घटना बजाज नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर की है। मूल रूप से अकोला की रहने वाली अदिति अपनी मां और बड़े भाई प्रबल के साथ नागपुर में रहकर क्रिकेट की प्रैक्टिस कर रही थी। उनके पिता अकोला में सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात अदिति ने अपनी मां के साथ खाना खाया और फिर कमरे में चली गई। गुरुवार सुबह उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना के वक्त भाई प्रबल शहर से बाहर थे, जो खुद भी एक उभरते हुए क्रिकेटर हैं।

सुसाइड नोट में क्या लिखा था?

पुलिस को मौके से जो सुसाइड नोट मिला, उसमें अदिति ने अपने माता-पिता को गौरवान्वित करने की इच्छा जताई और टीम में चयन न होने का दुख जाहिर किया। नोट में कथित तौर पर लिखा था—’दादा, तुम बहुत अच्छा खेलते हो। तुम बहुत बड़े खिलाड़ी बनोगे। मम्मी-पापा का नाम रोशन करना। मुझे दुख है कि मेरा चयन नहीं हुआ।’

हाल ही में 12वीं पास की थी परीक्षा

अदिति ने अभी-अभी 12वीं की परीक्षा पास की थी और पेशेवर क्रिकेटर बनने का सपना देख रही थी। वह अपने भाई के साथ रोजाना क्रिकेट की प्रैक्टिस करती थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, वह हाल ही में एक बड़े स्तर की टीम के चयन में जगह नहीं बना पाई थी, जिससे वह काफी निराश चल रही थी।

पुलिस ने कहा

बजाज नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतन चौहान ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि बड़ी टीम में चयन न होने की निराशा के कारण अदिति ने यह कदम उठाया। फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पूरी जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।

Related Articles

Back to top button