श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले ऋषभ पंत ने शुरू की तैयारी, धोनी से ले रहे हैं खास टिप्स

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पंत इस समय पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के साथ अभ्यास कर रहे हैं और उनसे खेल को लेकर अहम सुझाव ले रहे हैं।

बता दे कि भारत को इस महीने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें पंत टीम इंडिया के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। वही अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में पंत ने शानदार वापसी करते हुए पहली पारी में 81 रन बनाए थे।

हालांकि इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में पंत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में वह बल्ले से ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। ऐसे में श्रीलंका दौरे पर उनके लिए बेहतर प्रदर्शन करना काफी अहम माना जा रहा है।

धोनी से सीख रहे हैं पंत

एमएस धोनी को खिलाड़ियों की क्षमता को निखारने और मुश्किल परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। पंत भी इस समय अपने करियर के अहम दौर से गुजर रहे हैं। वनडे और टी20 टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठे हैं। टेस्ट टीम में मिली उप-कप्तानी भी अब उनके पास नहीं है। ऐसे में पंत लगातार रन बनाकर टीम में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं।इसी तैयारी के तहत पंत रांची पहुंचे हैं, जहां वह एमएस धोनी के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं।

शहबाज नदीम ने शेयर किया वीडियो

भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज शहबाज नदीम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें ऋषभ पंत और एमएस धोनी जिम में नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ नदीम ने लिखा, “भारतीय क्रिकेट के दो बेस्ट फिनिशर ऋषभ पंत और एमएस धोनी भाई।”

वापसी की कोशिश में पंत

आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुसार नहीं रहा था। वह लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी।

अब पंत की वापसी दिल्ली कैपिटल्स में हो चुकी है, जहां से उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। पंत की कोशिश है कि वह शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की जगह पक्की करें।

Related Articles

Back to top button