
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए सेंट्रल जोन की टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कप्तानी मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार को सौंपी गई है। वहीं रिंकू सिंह को उप-कप्तान बनाया गया है। टीम में भारतीय क्रिकेट से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें हर्ष दुबे और यश ठाकुर भी शामिल हैं।
सेंट्रल जोन की टीम में बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी विभाग को भी मजबूत बनाया गया है। रजत पाटीदार के साथ सारांश जैन, हर्ष दुबे और उत्तर प्रदेश के जीशान अंसारी स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। जीशान अंसारी ने हाल ही में इंडिया A टीम के साथ रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी की थी।
अमन मोखाड़े को भी टीम में जगह मिली
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करने वाले अमन मोखाड़े को भी टीम में जगह मिली है। विदर्भ के इस ओपनर ने घरेलू सीजन में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 11 पारियों में 760 रन बनाए थे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के आयुष पांडे को भी टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने इंडिया A के लिए डेब्यू किया था।
यश राठौड़ अहम भूमिका निभाएंगे
मिडिल ऑर्डर में विदर्भ के यश राठौड़ अहम भूमिका निभाएंगे। तेज गेंदबाजी में यश ठाकुर के अलावा नचिकेत भुटे और अरशद खान को मौका मिला है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के आर्यन जुयाल संभाल सकते हैं, जबकि कुणाल सिंह राठौर बैकअप विकल्प होंगे।
सीधे सेमीफाइनल में उतरेगा सेंट्रल जोन
डिफेंडिंग चैंपियन होने के कारण सेंट्रल जोन को टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में बाय मिला है। टीम सीधे 30 अगस्त से शुरू होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में खेलेगी, जहां उसका सामना ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।दलीप ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 23 अगस्त से बेंगलुरु के CoE ग्राउंड्स में होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर से खेला जाएगा।
सेंट्रल जोन टीम
रजत पाटीदार (कप्तान), आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), सारांश जैन, अमन मोखाड़े, कुणाल चंदेला, जीशान अंसारी, आर्यन पांडे, अरशद खान, रिंकू सिंह (उप-कप्तान), आयुष पांडे, यश राठौड़, हर्ष दुबे, कुणाल सिंह राठौर (विकेटकीपर), यश ठाकुर, नचिकेत भुटे।









