उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, बद्रीनाथ-गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बंद, देहरादून-चमोली में ऑरेंज अलर्ट!

देहरादून। उत्तराखंड में बीती रात से हो रही मूसलधार बारिश ने पूरे प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। चारधाम यात्रा मार्गों पर बार-बार मलबा आने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जहां केदारनाथ राजमार्ग शुक्रवार को सुचारू रहा, वहीं बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गए हैं।

कहां-कहां बंद हैं रास्ते?

बद्रीनाथ हाईवे कालेश्वर के पास भारी मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेलगुगाड़, नालूपानी और गंगनानी के पास मलबा आने से बंद है, जबकि यमुनोत्री मार्ग दुर्बिल और स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन की चपेट में आ गया है। इन मार्गों को खोलने का काम तेजी से जारी है। वहीं कोटद्वार क्षेत्र में रातभर रुक-रुककर हुई बारिश के कारण मलबा आने से बुवाखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हो गया और सतपुली-गुमखाल के बीच भी सड़क पर मलबा गिरा, जिसे मशीनों की मदद से हटाया गया। पौड़ी जिले में बीती शाम और रात हुई भारी बारिश से 9 अलग-अलग मोटर मार्गों पर मलबा आने से यातायात ठप हो गया।

नदियां उफान पर, बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश के बीच अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर बह रहा है। प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को नदी तटों से दूर रहने की हिदायत दी है। फिलहाल गंगानगर और गौरीकुंड में नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है। पौड़ी के पाबौ के सैंजी गांव में पानी की लाइन टूटने से जलापूर्ति ठप हो गई, जबकि यमकेश्वर ब्लॉक के बघाला और द्वारिखाल ब्लॉक के तुनाखाल-ग्विन बड़ा में बिजली लाइनों में फॉल्ट आने से दर्जनों गांवों में बत्ती गुल हो गई है। गंगा, यमुना, टौंस, गोमती और सरयू समेत कई नदियां उफान पर हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें। पिथौरागढ़ की तहसील तेजम में फिलहाल हल्की वर्षा का दौर जारी है।

Related Articles

Back to top button